फरवरी शुरू हो चुका है, लेकिन सर्दी है कि जाने का नाम नहीं ले रही है। 2-3 दिन की राहत के बाद उत्तर भारत में एक बार फिर ठंड के जोर पकड़ने की आशंका है। दिल्ली-NCR में सुबह से ही बारिश हो रही है जिसके चलते उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों में अगले 48 घंटे तक ठंड जारी रहने की आशंका है। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर, लद्दाख बर्फबारी होने का भी अनुमान है। इसके चलते भी भी उत्तरी राज्यों में सर्दी बढ़ सकती है।
दिल्ली के अलावा कई राज्यों में बारिश का अनुमान जताया गया है। skymetweather के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में आज हल्की बारिश होने का अनुमान है। वहीं, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान के भी कई इलाकों में बारिश हो सकती है।
दिल्ली में सुबह से हो रही बारिश के बाद पारा गिर गया है
बिहार में बदलने वाला है मौसम
बिहार में सुबह घना कोहरा छाया रहा। राज्य के 26 जिलों में बारिश की आशंका है।
पश्चिमी विक्षोभ के साथ ही बंगाल की खाड़ी से आ रही हवा से पटना समेत पूरे बिहार के माैसम के मिजाज में बदलाव हाेने वाला है। 3 फरवरी से इसका असर दिखने लगेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में कहा गया है कि 3 और 4 फरवरी काे पटना समेत राज्य के 26 जिलों में हल्की बारिश हाेगी।
6 फरवरी से माैसम शुष्क हाेने के आसार हैं, यानी पारा बढ़ने की उम्मीद है। अगले 48 घंटे में न्यूनतम पारा में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोत्तरी हाे सकती है, जबकि अधिकतम पारा लुढ़केगा।
उत्तर प्रदेश में बढ़ गई ठंड
दिल्ली में बढ़ी ठंड का असर पूरे उत्तर भारत में देखने को मिलेगा।
उत्तर प्रदेश में पहाड़ों पर अचानक गलन बढ़ने से मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ गई है। बुधवार को पहाड़ों पर बर्फ गिरने के बाद मैदानी इलाकों में अचानक से रात के समय पारा गिर गया और सर्द हवाएं चलने लगीं। रात में कोहरा बढ़ गया और विजिबिलिटी काफी कम हो गई।
मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि अगले 5 फरवरी तक सर्द हवाओं के साथ पश्चिमी और पूरब के क्षेत्र में बारिश होने की संभावना है। 3 फरवरी को पश्चिमी UP में बिजली की गरज चमक के साथ भारी बारिश होने की भी संभावना जताई गई है।
तापमान में गिरावट की आशंका
हिमाचल प्रदेश के चंबा, स्पीति, कुल्लू में बर्फबारी हो सकती है। इसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। उत्तराखंड के देहरादून में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। यहां भी आज बारिश का अनुमान है।
वहीं, लेह में आज भी तापमान काफी ठंडा रहने वाला है। यहां पर आज का न्यूनतम तापमान माइनस 14 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान माइनस 2 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। यहां आज बर्फबारी होने के भी अनुमान है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, शहर का आज न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।