6 फीट का कद और 72 साल की उम्र। जुनून ऐसा कि दुनिया को लग्जरी फैशन की लत लगा दी और लुई वितॉ जैसा फैशन साम्राज्य खड़ा कर दिया। कंपनी में BA नाम से मशहूर बर्नार्ड अरनॉल्ट अब दुनिया के सबसे अमीर शख्स बन गए हैं।
अमेजन के मालिक जेफ बेजोस को 2018 में सबसे अमीर शख्स का दर्ज मिला था। जनवरी 2021 में टेस्ला के मालिक एलन मस्क ने बेजोस को ओवरटेक कर लिया। फरवरी 2021 में टेस्ला के शेयरों में गिरावट देखने को मिली, जिसके बाद बेजोस एकबार फिर दुनिया में सबसे अमीर बन गए।
6 अगस्त को फोर्ब्स की रियल टाइम बिलेनियर्स लिस्ट में जेफ बेजोस और एलन मस्क को पछाड़कर बर्नार्ड अरनॉल्ट टॉप पर पहुंचे। इस वक्त बर्नार्ड अरनॉल्ट की नेटवर्थ 14.8 लाख करोड़, जेफ बेजोस की नेटवर्थ 14.5 लाख करोड़ और एलन मस्क की नेटवर्थ 13.8 लाख करोड़ रुपए है। अगर आप बर्नार्ड अरनॉल्ट के बारे में नहीं जानते तो आपको जानना चाहिए...
बर्नार्ड अरनॉल्ट कौन हैं?
बर्नार्ड अरनॉल्ट को मॉडर्न लग्जरी फैशन इंडस्ट्री का गॉडफादर माना जाता है। ये दुनिया के सबसे बड़े फैशन ग्रुप लुई वितॉ मोएट हेनेसी (LVMH) के फाउंडर, चेयरमैन और सबसे बड़े शेयरहोल्डर हैं। इस वक्त अरनॉल्ट की कुल नेटवर्थ 199 अरब डॉलर यानी करीब 14.7 लाख करोड़ रुपए है।
कितना बड़ा है लुई वितॉ ग्रुप?
बर्नार्ड अर्नाल्ट का ग्रुप लुई वितॉ मार्केट कैप के लिहाज अपने नजदीकी कंपटीटर केरिंग से करीब चार गुना ज्यादा बड़ा है। लुई वितॉ की मार्केट कैप 30 लाख करोड़ रुपए है। वहीं उनके नजदीकी कंपटीटर केरिंग की मार्केट कैप 8.45 लाख करोड़ रुपए है। लुई वितॉ ग्रुप के पास फैशन, वॉचेज, ज्वेलरी, रिटेल, वाइन, ब्यूटी और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में 75 से ज्यादा लग्जरी ब्रांड हैं।
बर्नार्ड अरनॉल्ट की शुरुआती जिंदगी कैसी थी?
बर्नार्ड अरनॉल्ट 5 मार्च 1949 को फ्रांस के रुबैक्स में पैदा हुए। उनकी मां मेरी को फैशन का शौक था और पिता कंस्ट्रक्शन कंपनी चलाते थे। 1971 में पॉलीटेक्निक करने के बाद अरनॉल्ट ने अपने पिता की कंपनी में काम शुरू कर दिया।
लग्जरी फैशन का आइडिया कैसे आया?
1980 के दशक में बर्नार्ड अरनॉल्ट न्यूयॉर्क गए थे। कैब में सफर करते हुए उन्होंने ड्राइवर से डि गॉल के बारे में पूछा। ड्राइवर ने कहा कि वह नहीं जानता। डि गॉल उस वक्त फ्रांस के राष्ट्रपति थे। इसके बाद बर्नार्ड अरनॉल्ट ने ड्राइवर से डियोर के बारे में पूछा तो उसने फौरन बता दिया कि ये तो फैशन ब्रांड है। उसी वक्त बर्नार्ड अरनॉल्ट के दिमाग में एक आइडिया क्लिक किया जो आज लुई वितौं जैसे लग्जरी फैशन साम्राज्य में बदल चुका है।
कैसे खड़ा किया इतना बड़ा फैशन साम्राज्य?
1985 में फ्रांस की सरकार एक दिवालिया टेक्सटाइल कंपनी बुसॉक की नीलामी कर रही थी। बर्नार्ड अरनॉल्ट ने इसे खरीद लिया। उन्होंने बुसॉक के 9 हजार कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया, जिसके बाद उनका निकनेम 'द टर्मिनेटर' पड़ा। इसके बाद उन्होंने कंपनी की सारी संपत्ति बेच दी सिवाय डियोर ब्रांड और एक डिपार्टमेंटल स्टोर के। बर्नार्ड अरनॉल्ट ने सिर्फ फैशन सेगमेंट पर फोकस किया और 1987 तक कंपनी दोबारा मुनाफे में आ गई।
1988 में बर्नार्ड अरनॉल्ट ने लुई वितॉ ग्रुप में कुछ शेयर खरीदे। एक साल में लुई वितॉ के 43% शेयर पर उनका कब्जा हो गया। 13 जनवरी 1989 को वो लुई वितॉ के निर्विरोध चेयरमैन चुने गए। इसके बाद बर्नार्ड अरनॉल्ट ने अपने बिजनेस का विस्तार और ब्रांड्स का अधिग्रहण करना शुरू किया। पिछले 10 साल में उनकी नेटवर्थ में करीब 500% की बढ़ोतरी हुई है।
बर्नार्ड अरनॉल्ट की फैमिली, लाइफस्टाइल और दोस्त...
बर्नार्ड अरनॉल्ट ने दो शादियां की हैं। 1973 में उन्होंने एनी डेवावरिन से शादी की। इनसे दो बच्चे हुए- एंटोइनी और डेल्फीन। 1990 में दोनों अलग हो गए। 1991 में बर्नार्ड अरनॉल्ट ने हेलेन मर्सियर से शादी की। इनसे तीन बेटे हुए- एलेक्जेंडर, फ्रेडरिक और जीन।
बड़ी बेटी डेल्फीन लुई वितॉ की एग्जिक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और बोर्ड मेंबर हैं
बर्नार्ड अरनॉल्ट के बेटे एंटोइनी बेरलुती के चीफ एग्जिक्यूटिव, लोरो पियाना के चेयरमैन और पूरे ग्रुप के कम्युनिकेशन हेड हैं
बर्नार्ड के बेटे फ्रेडरिक जैग ह्यूअर के स्ट्रैटजी और डिजिटल डायरेक्टर हैं
बर्नार्ड के बेटे एलेक्जेंडर लगेज ब्रांड रिमोवा के चीफ एग्जिक्यूटिव हैं
बर्नार्ड के सबसे छोटे बेटे जीन ही एकलौते ऐसे हैं जो फिलहाल लुई वितॉ में किसी पद पर नहीं हैं।
फ्रांस से लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति तक अरनॉल्ट के दोस्त
बर्नार्ड अरनॉल्ट की दोस्ती दुनिया के ताकतवर लोगों के साथ है। फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस सारकोजी उनके अच्छे दोस्त हैं। सारकोजी की शादी में वे शामिल हुए थे।
बर्नार्ड अरनॉल्ट 1980 के दशक से ही डोनाल्ड ट्रम्प को भी जानते हैं। ट्रम्प के राष्ट्रपति बनने के बाद बर्नार्ड अरनॉल्ट दुनिया के पहले बिजनेस लीडर थे जो उनसे मिलने गए थे।
मशहूर डिजाइनर कार्ल लेगरफेल्ड भी उनके करीबी दोस्त रहे हैं।
फ्रेंच रिविरा के सेंट ट्रोपेज में उनका शानदार विला है।
बर्नार्ड अरनॉल्ट आमतौर पर अपने प्राइवेट जेट में यात्रा करना पसंद करते हैं।
क्या शीर्ष पर बरकरार रह पाएंगे बर्नार्ड अरनॉल्ट?
दुनिया के सबसे अमीर शख्स बनने का सफर बर्नार्ड अरनॉल्ट ने कोई रातों-रात तय नहीं किया है। पिछले तीन दशकों में उनके सूझबूझ भरे फैसले, काम का जुनून और लगातार बिजनेस बढ़ाने की भूख का नतीजा है। 72 साल की उम्र में भी बर्नार्ड अरनॉल्ट ने जनवरी 2021 में अब तक की सबसे बड़ी फैशन डील की थी।
उन्होंने अमेरिकी ज्वेलर कंपनी टिफनी एंड को. का अधिग्रहण किया था। ये डील 15.8 अरब डॉलर में हुई थी। 2019 में हुई लग्जरी हॉस्पिटैलिटी ग्रुप बेलमंड के अधिग्रहण के पीछे भी बर्नार्ड अरनॉल्ट के प्रयास थे। बर्नार्ड अरनॉल्ट आज भी हर शनिवार को कई स्टोर विजिट करते हैं। इनमें उनकी कंपनी और कंपटीटर्स के स्टोर भी शामिल होते हैं।