रोहतक से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व गृहमंत्री सुभाष बत्रा ने BJP-JJP गठबंधन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक तरफ मुख्यमंत्री 10 की 10 लोकसभा सीटों पर कमल के फूल पर चुनाव लड़ने की बात कर रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ जेजेपी भी दसों सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा कर रही है। जिससे यह तो साफ है कि इनका गठबंधन नहीं हैं। अब तो यह हो गया कि सरकार चलते रहे और भ्रष्टाचार लागू रहे। इसके लिए दोनों पार्टियां साथ हैं।
बत्रा ने अमित शाह की सिरसा रैली को लेकर भी चुटकी ली और उसे फ्लॉप बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सिरसा लोकसभा सीट की रैली की। अमित शाह की रैली में भाजपा ने हरियाणा में गठबंधन वाली जेजेपी को ही निमंत्रण नहीं दिया। जिससे भाजपा और जजपा का मतभेद साफ दिखाई दे रहा है।
हरियाणा में गठबंधन टूट चुका
सुभाष बत्रा ने कहा कि जिस प्रकार से जेजेपी को रैली में नहीं बुलाया, जबकि वह तो जेजेपी का गढ़ है। गठबंधन से सरकार चल रही है। एक तरह से गठबंधन टूट चुका है। बीजेपी के सीएम कह रहे हैं दस की दस बीजेपी जीतेगी और जेजेपी भी कह रही है वे अलग से चुनाव की तैयारी कर रहे हैं।
भाजपा पर सही बैठता है दरबारी शब्द
सुभाष बत्रा ने अमित शाह द्वारा कांग्रेस को 3D (दरबारी, डीलर, दामाद) की सरकार कहने पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि दरबारी शब्द इन्हीं पर सही बैठता है। किस प्रकार से अमित शाह के कसीदे पढ़े कोई कृष्ण से तुलना कर रहा था, तो कोई सरदार बल्लभ भाई पटेल से कर रहा था। सच्चाई यह की बीजेपी की जमीन खिसक चुकी है।