त्योहारों के सीजन, यानी 1 सितंबर से 30 नवंबर के बीच परिवारों ने बड़ी तादाद में देश-विदेश घूमने की योजना बनाई है। कोविड पूर्व के मुकाबले घरेलू फ्लाइट के किराये में 39% और इंटरनेशनल फ्लाइट्स के किराये में 38% बढ़ोतरी हुई। इसके बावजूद 1 जुलाई से 20 अगस्त के बीच 2019 के मुकाबले फ्लाइट की सर्च दोगुने से ज्यादा 118% बढ़ गई।
इंटरनेशनल फ्लाइट की सर्च 143% और घरेलू के लिए सर्च 91% बढ़ी है। वहीं होटलों की सर्च में ओवरऑल 34% इजाफा हुआ है। यही नहीं, देश के भीतर भी होटलों की खोज 98% बढ़ी है। बुधवार को आई इंटरनेशनल ट्रैवल सर्च इंजन कायक की रिपोर्ट के मुताबिक, त्योहारों के सीजन में विमानों के किराये में 62% तक बढ़ोतरी हुई है। लेकिन बढ़ा हुआ किराया भी भारतीय पर्यटकों का उत्साह कम नहीं कर पाया।
2019 के मुकाबले त्योहारी सीजन में होटल, फ्लाइट सर्च व औसत किराये में बढ़ोतरी
स्थान |
सर्च में बढ़ोतरी |
होटल किराया |
फ्लाइट किराया |
नई दिल्ली |
85% |
8,975 (17%) |
10,586 (32%) |
गोवा |
191% |
7,174 (-7%) |
10,709 (41%) |
दुबई |
765% |
19,958 (51%) |
26,019 (33%) |
मुंबई |
92% |
7,039 (-10%) |
8,252 (24%) |
लंदन |
180% |
15,435 (25%) |
80,679 (57%) |
बैंकॉक |
164% |
6,282 (13%) |
23,798 (38%) |
त्योहारी सीजन में बढ़ा किराया
कायक के मुताबिक, त्योहारों के दौरान घरेलू इकोनॉमी क्लास का औसत रिटर्न किराया 8,585 रुपए, जबकि इंटरनेशनल इकोनॉमी फ्लाइट का रिटर्न किराया 56,332 रुपए तक हो गया है। 2019 की तुलना में इस फेस्टिव सीजन में विदेश में 3 या 4 सितारा होटलों के डबल रूम में एक रात ठहरने का किराया करीब 22 फीसदी बढ़ा है। जबकि देश के भीतर होटलों के कमरों का किराया औसतन 25 फीसदी बढ़ा है।
- इन घरेलू डेस्टिनेशन के लिए सर्वाधिक सर्च: दिल्ली, मुंबई, गोवा, चेन्नई, कोच्चि, हैदराबाद और अहमदाबाद।
- ये विदेशी डेस्टिनेशन टॉप सर्च में शामिल: दुबई, बैंकॉक, लंदन और सिंगापुर।
- इन देशों के पर्यटकों ने भारत के लिए सबसे ज्यादा सर्च किया: अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, कतर, न्यूजीलैंड, सिंगापुर और सऊदी अरब।