तालिबान सरकार ने अफगानिस्तान के एक बड़े फैशन मॉडल और उसके तीन साथियों को अरेस्ट कर लिया है। उन पर इस्लाम और कुरान का अपमान करने का आरोप है। अजमल हकीकी अपने फैशन शो, यूट्यूब क्लिप्स और मॉडलिंग इवेंट्स की वजह से चर्चा में रहते हैं। अब तालिबान सरकार ने उनको गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, कुछ दिन पहले एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें कॉमीडियन गुलाम साखी अरबी में कुरान की आयतें पढ़ रहे थे। गुलाम साखी ठीक से बोल नहीं पाते हैं, अपनी इस खामी को वह लोगों को हंसाने के लिए भी इस्तेमाल करते हैं, लेकिन जब वह कुरान की आयतें पढ़ रहे थे तो अजमल हकीकी हंस रहे थे। इसी वीडियो को लेकर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
तालिबान की इंटेलिजेंस एजेंसी ने गिरफ्तारी का एक वीडियो शेयर किया जिसमें सभी के हाथों में हथकड़ियां लगी थीं।
पैगंबर मोहम्मद का अपमान बर्दाश्त नहीं
तालिबान की इंटेलिजेंस एजेंसी ने अजमाल और उनके साथियों का एक वीडियो शेयर किया। इसके साथ ही लिखा-किसी को कुरान या फिर पैगंबर मोहम्मद की कही गई बातों का अपमान करने का हक नहीं है।
गरीबी के दलदल में फंसा अफगानिस्तान
अफगानिस्तान में तालिबान सरकार आने के बाद से वहां लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। देश गरीबी के दलदल में फंसता जा रहा है। देश में मानवाधिकार की स्थिति बदतर हो गई है। खाने को अन्न नहीं है जिसके चलते बच्चे कुपोषण का शिकार बन रहे हैं। फिलहाल कुछ संगठन अजमल हकीकी के समर्थन में आ गए हैं। एमनेस्टी इंटरनेशनल ने मॉडल कि रिहाई की मांग की है।
वादों से उलट अफगान सरकार
सत्ता पर कब्जा करने के बाद तालिबान ने लड़कियों को आजादी देने से लेकर सभी धर्मों को साथ लेकर चलने का दावा किया था, लेकिन बाद में लड़कियों के स्कूल जाने और महिलाओं के काम करने पर रोक लगा दी और हर दिन लोगों को मौत के घाट उतारा जाने लगा। अल्पसंख्यकों के लिए वहां सुरक्षा हालात बद से बदतर हो गए। पिछले साल तालिबान ने सिखों को आदेश दिया था कि वो इस्लाम अपना लें और सुन्नी मुस्लिम बन जाएं। अगर वो ऐसा नहीं करते हैं तो देश छोड़कर चले जाएं।