वरिष्ठ पत्रकार और फिल्म समीक्षक जयप्रकाश चौकसे अब हमारे बीच नहीं रहे। उन्होंने बुधवार को 83 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। वे पिछले काफी वक्त से कैंसर से पीड़ित थे। उन्हें सिनेमा का एनसाइक्लोपीडिया माना जाता था।
जयप्रकाश चौकसे बीते 26 साल से 'दैनिक भास्कर' में 'परदे के पीछे कॉलम' लिख रहे थे। उन्होंने उपन्यास 'दराबा', 'महात्मा गांधी और सिनेमा' और 'ताज बेकरारी का बयान' भी लिखे। 'उमाशंकर की कहानी', 'मनुष्य का मस्तिष्क और उसकी अनुकृति कैमरा' और 'कुरुक्षेत्र की कराह' उनकी कहानियां हैं। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनके निधन पर शोक जताया है।
शेयर मार्केट में बड़ी गिरावट, एक मिनट में निवेशकों के ढाई लाख करोड़ डूबे
शेयर बाजार में आज भारी गिरावट है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स पहले ही मिनट में 876 पॉइंट्स गिरकर 55,316 पर पहुंच गया है। इससे निवेशकों को ढाई लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का घाटा हुआ है। बैंकिंग शेयर्स की जमकर पिटाई हो रही है। गिरने वालों में ICICI बैंक का शेयर 4% टूटा है, जबकि HDFC बैंक 3% गिरा है। SBI का शेयर 2% नीचे है। एक्सिस बैंक, इंडसइंड बैंक और HDFC के स्टॉक 2-2% गिरावट में कारोबार कर रहे हैं। इससे पहले सोमवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 388 पॉइंट्स बढ़कर 56,247 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 135 अंक तेजी के साथ 16,793 पर बंद हुआ।
आज की अन्य बड़ी खबरें...
ओडिशा पंचायत चुनाव: बीजद ने सभी 30 जिला परिषद में जीत दर्ज की
ओडिशा पंचायत चुनाव में नवीन पटनायक की पार्टी बीजू जनता दल ने एक तरफा जीत हासिल की है। बीजद ने राज्य की 852 सीटों में से 766 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं पार्टी ओडिशा के सभी 30 जिलों में परिषद बनाएगी। पिछले चुनाव की बात करें, तो ओडिशा के 8 जिलों में भाजपा और 2 जिलों में कांग्रेस को जीत मिली थी, जबकि बीजद सिर्फ 20 जिलों में परिषद बना पाई थी, लेकिन इस बार पार्टी ने बंपर जीत हासिल की है।
गंगा आरती में शामिल होंगी ममता बनर्जी, सपा के पक्ष में जनसभा भी करेंगी
ममता बनर्जी सपा के पक्ष में प्रचार करने वाराणसी आ रही हैं।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बुधवार शाम वाराणसी में गंगा आरती में शामिल होंगी। गुरुवार को वे सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव और रालोद प्रमुख जयंत चौधरी के साथ बनारस में ही एक रैली को भी संबोधित करेंगी। UP चुनाव में ममता बनर्जी सपा के पक्ष में पिछले महीने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुकी हैं।
गोरखपुर-वाराणसी सीट बचाने की चुनौती, RSS ने 27,000 बूथों पर तैनात किए स्वयंसेवक
उत्तर प्रदेश के छठे चरण के मतदान से पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने गोरखपुर और वाराणसी सीट बचाने के लिए अपनी ताकत झोंक दी है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक संघ ने इन दोनों जगहों के 27,000 बूथों पर अपने स्वयंसेवक तैनात किए हैं। वाराणसी प्रधानमंत्री मोदी और गोरखपुर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का क्षेत्र है, जहां इस बार समाजवादी पार्टी भाजपा को कड़ी टक्कर दे रही है
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बोम्मई का दावा- जल्द होगी कांग्रेस और JDS में टूट
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बासवाराज बोम्मई ने दावा किया है कि राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और JDS में टूट होगी। उन्होंने कहा कि आने वाले 10 सालों में कांग्रेस यहां सरकार नहीं बना पाएगी। कर्नाटक में 2023 के शुरूआती महीने में विधानसभा का चुनाव होना है।