जनवरी में नॉन लाइफ इंश्योरेंस कंपनियों के प्रीमियम कलेक्शन में 6.7% की ग्रोथ हुई है। जनवरी 2021 में 18,488.06 करोड़ रुपए का प्रीमियम कलेक्शन हुआ है जो जनवरी 2020 के मुकाबले 6.66% ज्यादा है। इस महीने में 17,333.70 करोड़ रुपए का प्रीमियम कलेक्शन हुआ था।
हेल्थ इंश्योरेंस प्रीमियम कलेक्शन में 14.6% की ग्रोथ
हेल्थ इंश्योरेंस प्रीमियम की बात करें तो इसने जनवरी 2020 के मुकाबले जनवरी 2021 में 14.6% की ग्रोथ की है। इस महीने इस कैटेगिरी से प्रीमियम कलेक्शन 48,501 करोड़ रुपए रहा। इंश्योरेंस इंडस्ट्री के कुल प्रीमियम का 30% हिस्सा इसी कैटेगिरी से आता है।
मोटर इंश्योरेंस प्रीमियम की बात करें तो इसमें 4.57% की गिरावट आई है। 2020-21 में अब तक इससे 54,908.5 करोड़ रुपए का बीमा कलेक्शन हुआ है। वहीं अगर फसल बीमा की बात करें तो इसमें 9.5% की कमी आई है।
ग्रुप इंश्योरेंस प्रीमियम भी 10.8% बढ़ा
जनरल इंश्योरेंस काउंसिल के अनुसार 25 जनरल इंश्योरेंस बीमा कंपनियों ने जनवरी में अपने ग्रुप प्रीमियम में 10.8% की वृद्धि दर्ज की और यह 16,247.24 करोड़ रुपए पर पहुंच गया, जो जनवरी 2020 में 14,663.40 करोड़ रुपए रहा था।
इस साल का कुल कलेक्शन 1.69 लाख करोड़ हुआ
साल 2020-21 के लिए नॉन लाइफ इंश्योरेंस कंपनियों का कुल प्रीमियम कलेक्शन 1.69 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गया है। इससे पिछले वित्त वर्ष 2019-20 में इस समान अवधि में ये आंकड़ा 1.59 लाख करोड़ रुपए था।
लाइफ इंश्योरेंस इंडस्ट्री के प्रीमियम कलेक्शन में गिरावट
लाइफ इंश्योरेंस इंडस्ट्री के दिसंबर प्रीमियम कलेक्शन में 2.7% की गिरावट आई है। यह लगातार दूसरा महीना है जब गिरावट हुई है। दिसंबर में इन कंपनियों को 24 हजार 383 करोड़ रुपए का नया बिजनेस प्रीमियम (एनबीपी) मिला है। दिसंबर 2019 में यह 25 हजार 79 करोड़ रुपए था। एनबीपी एक वर्ष में नई पॉलिसियों से प्राप्त प्रीमियम को कहते हैं। भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के फर्स्ट ईयर प्रीमियम में 2019 दिसंबर के मुकाबले दिसंबर 2020 में करीब 15% की कमी आई है। यह देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी है।