उत्तर भारत में एक्टिव हुए नए वेदर सिस्टम और पाकिस्तान-पंजाब सीमा में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर अब राजस्थान में दिखने लगा है। राज्य में उत्तरी जिलों में मंगलवार देर शाम से मौसम में बदलाव देखने मिला। कई जगह आंधी-बारिश के साथ ओले गिरे हैं। धौलपुर में बिजली गिरने से 5 महिलाएं घायल हो गईं।
इधर, बुधवार को सीकर में तेज बारिश हुई। इससे कई क्षेत्रों में पानी भर गया। फतेहपुर में चने के आकार के ओले गिरे। इसी तरह से जयपुर, अलवर सहित कई शहरों में बादल छाए और तेज हवाएं चलीं। मौसम में इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। विशेषज्ञों ने अब दो-तीन दिन तक मौसम के ऐसे ही कूल रहने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 24 घंटे में हनुमानगढ़ के नोहर और गंगानगर एरिया में तूफानी बारिश के साथ ओले भी गिरे। नोहर में सबसे ज्यादा 40MM(करीब डेढ़ इंच) बरसात रिकॉर्ड की गई।
सीकर के फतेहपुर में बुधवार सुबह तेज बारिश के साथ ओले गिरे।
इन जगहों पर हुई बारिश
झुंझुनूं, सीकर, अलवर, करौली समेत अन्य जिलों में मंगलवार को बारिश हुई। चूरू शहर और राजगढ़ एरिया में बारिश के साथ छोटे-छोटे ओले गिरे। चूरू में 45 डिग्री सेल्सियस के साथ झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही थी।
इसी तरह से लोकल रिपोट्र्स के अनुसार हनुमानगढ़ जिले के भादरा में 12, नोहर में 40, टिब्बी में 15, संगरिया में 8MM, करौली के टोडाभीम में 9, श्रीमहावीरजी में 7, हिंडौन में 4, चूरू शहर में 3, राजगढ़ में 12, सीकर के फतेहपुर में 16, झुंझुनूं के मंडावा और चिड़ावा में 3-3, बुहाना में 2, अलवर शहर में 16, बानसूर में 5, मालाखेड़ा में 5, श्रीगंगानगर शहर में 3, लालगढ़ में 5, सादुलशहर में 2 और हिंदूमलकोट में 3MM पानी बरसा।
चूरू में भी बारिश के साथ ओले गिरे।
कई जिलों में आज भी अंधड़, बारिश-ओले का अलर्ट
मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के मुताबिक 24 मई यानी आज बाड़मेर, टोंक, झालावाड़, जयपुर, धौलपुर, दौसा, चित्तौड़गढ़, बूंदी, भीलवाड़ा, भरतपुर, बारां, अलवर, अजमेर में आंधी चलने और कहीं-कहीं बादल छाने के साथ हल्की बारिश और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। झुंझुनूं, सीकर जिलों के लिए भी ऐसी संभावना है।
- 25 मई को टोंक, सवाई माधोपुर, करौली, झालावाड़, धौलपुर, दौसा, बूंदी, भीलवाड़ा, भरतपुर, बारां, बीकानेर, जोधपुर, नागौर और अजमेर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। जबकि अलवर, जयपुर, झुंझुनूं, गंगानगर हनुमानगढ़, चूरू और सीकर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
- 26 मई को अलवर, बारां, भरतपुर, दौसा, धौलपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, कोटा, राजसमंद, सवाई माधोपुर, सीकर, चूरू, हनुमानगढ़ और गंगानगर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
जयपुर में सुबह से घने बादल छाए हैं। तेज हवाएं भी चल रहीं। तीन-चार दिनों से आग बरसाती गर्मी से लोगों थोड़ी राहत मिली है।
जयपुर में छाए बादल, चली तेज आंधी
जयपुर में बुधवार सुबह 10 बजे बाद मौसम अचानक पलट गया। बादल छाने के साथ ही तेज हवा शुरू हो गई। अंधड़ से आसमान मटमैला हो गया। कोटपूतली, शाहपुरा, जमवारामगढ़, बस्सी, आमेर के अलावा जयपुर शहर में चारदीवारी, विद्याधर नगर, जलमहल रोड, दिल्ली बाइपास, ट्रांसपोर्ट नगर एरिया में ऐसा ही मौसम देखने को मिल रहा है। सुबह 10 बजे से पहले मौसम साफ था, धूप निकली हुई थी। राजधानी में बीती रात न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस, जबकि कल दिन का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
सीकर में बुधवार सुबह से ही घने काले बादल छाए रहे। बाद में जिले में कई जगहों पर बारिश के साथ ओले भी गिरे।
सीकर में बारिश-आंधी का अलर्ट, सुबह से बादलों से अंधेरा
सीकर में बीते 3 दिन मौसम शुष्क रहने और कड़ी धूप के चलते तापमान 44 डिग्री पर ही है। हालांकि आज सुबह जिले के ज्यादातर इलाकों में बादल छाए हुए हैं। फतेहपुर सहित आसपास के इलाकों में सुबह बारिश भी हुई। सीकर शहर में सुबह आंधी आई। फतहेपुर के कई इलाकों में ओले भी गिरे। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो सीकर में फिलहाल 27 मई तक बारिश और आंधी का अलर्ट है।
खराब मौसम के चलते धौलपुर में आसमानी बिजली गिरी। पेड़ के नीचे खड़ी पांच महिलाएं घायल हो गईं। इनमें से दो का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
धौलपुर में बूंदाबांदी के बीच पेड़ पर गिरी आसमानी बिजली
धौलपुर में सरमथुरा उपखंड के बरौली गांव के धोरिया का कुआं के पास मंगलवार शाम बिजली गिरने से पांच महिलाएं घायल हो गईं। ये पानी भरने गई थीं। मौसम खराब होने की वजह से बर्तनों को कुएं पर छोड़ पास के चिरगोली के घने पेड़ के नीचे खड़ी हो गई थीं।
हादसे में बरौली गांव की रामदुलारी (50) पत्नी गुमान सिंह मीणा, कमला देवी (38) पत्नी बहादुर सिंह मीणा, राजकुमारी (35) पत्नी रामकेश मीणा के साथ रवीना (22) पुत्री कन्हैया मीणा और नीतू पुत्र ओमप्रकाश मीणा घायल हो गईं। इनमें से रामदुलारी और राजकुमारी का बाड़ी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान
शहर |
अधिकतम |
न्यूनतम |
अजमेर |
40.3 |
29.9 |
बाड़मेर |
41 |
29.5 |
बीकानेर |
41.8 |
31.7 |
चूरू |
45.7 |
25.6 |
जयपुर |
42.4 |
29.4 |
जैसलमेर |
40 |
28.2 |
जोधपुर |
41.2 |
30.8 |
कोटा |
44 |
30.9 |
गंगानगर |
43.4 |
24.9 |
उदयपुर |
39.5 |
26.4 |
|
|
|