भारतीय शेयर बाजार में हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन, यानी शुक्रवार को तेजी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 217 अंकों की तेजी के साथ 60,150 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी 30 अंकों की तेजी के साथ 17,640 के स्तर पर आ गया है। बाजार में लगातार पांचवें दिन यह तेजी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 18 में तेजी देखने मिल रही है। वहीं 15 शेयरों में ही गिरावट रही।
अडाणी एंटरप्राइजेज 17% से ज्यादा गिरा
मार्केट में इस तेजी के बीच अडाणी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में लगातार गिरावट जारी है। अडाणी एंटरप्राइजेज में 17% और अडाणी ट्रांसमिशन में 10% से ज्यादा की गिरावट देखने को मिल रही। इसके अलावा अडाणी पोर्ट्स, टोटल गैस, विल्मर और पावर में करीब 5-5% की गिरावट दिखाई दे रही है।
वहीं अडाणी ग्रुप द्वारा हाल ही में खरीदी गई कंपनियों अंबुजा सीमेंट NDTV में 5%, अंबुजा सीमेंट में 2% और ACC में 1% से ज्यादा की गिरावट दिखाई दे रही है। हिंडनबर्ग की रिपोर्ट सामने आने के बाद से अडाणी ग्रुप के शेयरों में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है।
टाइटन और बजाज फिनसर्व टॉप गेनर
टाइटन, बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस, HDFC बैंक, UPL, इंडसइंड बैंक, HDFC और SBI लाइफ समेत निफ्टी-50 के 29 शेयरों में तेजी देखने को मिल रही है। वहीं अडाणी एंटरप्राइजेज, अडाणी पोर्ट्स, डिविस लैब, BPCL, हिंडाल्को, टाटा कंज्यूमर, HDFC लाइफ और हीरो मोटोकॉर्प समेत निफ्टी के 21 शेयरों में गिरावट नजर आ रही है।
मेटल सेक्टर में सबसे ज्यादा 2% की गिरावट
NSE के 11 सेक्टोरल इंडेक्स में से 4 में तेजी और 7 में गिरावट देखने को मिल रही है। मेटल सेक्टर में सबसे ज्यादा 2% की गिरावट नजर आ रही है। रियल्टी सेक्टर में भी 1% से ज्यादा की गिरावट आई है। इसके अलावा FMCG, IT, मीडिया, फार्मा और PSU बैंक सेक्टर में भी मामूली गिरावट नजर आ रही है। वहीं बैंक, ऑटो, फाइनेंशियल सर्विसेज और प्राइवेट बैंक सेक्टर में मामूली तेजी है।