मध्यप्रदेश के धार जिले में सोमवार सुबह इंदौर - खरगोन के बीच बड़ा हादसा हो गया। इंदौर से पुणे जा रही बस सुबह पौने दस बजे धामनोद में खलघाट के पास नर्मदा नदी में गिर गई। बस में महिलाओं-बच्चों समेत 40 यात्री सवार थे। अब तक 13 शव निकाले जा चुके हैं। इनमें 8 पुरुष, 4 महिलाएं और 1 बच्चा शामिल हैं। मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने 15 यात्रियों को जिंदा बाहर निकालने का दावा किया है। हालांकि, घटनास्थल पर मौजूद एम्बुलेंस के ड्राइवर ने बताया कि अभी तक एक भी यात्री जीवित नहीं मिला है।
ओवरटेक करते समय खोया संतुलन
बताया गया कि बस खलघाट में टू-लेन पुल पर किसी वाहन को ओवरटेक करते समय अनियंत्रित हो गई। ड्राइवर ने संतुलन खो दिया और रेलिंग तोड़ते हुए बस नदी में जा गिरी। हादसे की जानकारी लगते ही खलघाट सहित आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए हैं। इंदौर और धार से NDRF की टीम मौके पर पहुंच चुकी है। यह पुल पुराना बताया जा रहा है। बस महाराष्ट्र राज्य परिवहन की है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना को संज्ञान में लेते हुए प्रशासन को बचाव और राहत कार्य के आदेश दिए हैं।
हादसे के बाद स्थानीयों लोगों ने शवों को खोजने में मदद की। कुछ शव बह गए।
इंदौर से 80 किलोमीटर दूर हुआ हादसा
हादसा आगरा-मुंबई (AB रोड) हाईवे पर हुआ। यह रोड इंदौर से महाराष्ट्र को जोड़ता है। घटनास्थल इंदौर से 80 किलोमीटर दूर है। जिस संजय सेतु पुल से बस गिरी, वो दो जिलों- धार और खरगोन की सीमा पर बना है। पुल का आधा हिस्सा खलघाट (धार) और आधा हिस्सा खलटाका (खरगोन) में है। खरगोन से भी कलेक्टर और SP भी मौके पर पहुंचे हैं।
क्रैन की मदद से बस को नर्मदा नदी से बाहर निकाला गया।
अब तक एक भी यात्री जीवित नहीं मिला
खलघाट टोल नाके की हाईवे एम्बुलेंस के ड्राइवर श्रीकृष्ण वर्मा ने बताया- मैं ड्यूटी पर था। सुबह 10.03 बजे कंट्रोल रूम से कॉल आया। सूचना मिली कि पुल से एक बस नर्मदा नदी में गिर गई है। सूचना मिलने के करीब 3 मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंच गया था। बस नदी में गिरी हुई थी। तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। नदी से अब तक एक भी व्यक्ति जीवित या घायल नहीं निकाला जा सका है। बस को नदी से निकाल लिया गया है।
स्थानीय लोगों ने नाव से शवों को खोजा और किनारे पर ले गए।
होटल मालिक बोला- चाय-नाश्ता करने रुके थे यात्री
बताया जाता है कि बस MH 40 N 9848 सुबह 9 से 9.15 बजे खलघाट से 12 किलोमीटर पहले दूधी बायपास किनारे एक होटल पर रुकी थी। होटल मालिक ने बताया कि यहां 12-15 यात्रियों ने चाय-नाश्ता किया। बाकी सवारी अंदर बैठी थी। अंदर कितनी सवारी यह तो पता नहीं, लेकिन बस में 30 से 35 सवारी होंगी।
बस पुल के इस हिस्से को तोड़कर नर्मदा नदी में जा गिरी।
हादसे के बाद पुल पर जाम जैसी स्थिति बन गई। जो गुजर रहे थे वे वहीं रुक गए।
बताया जा रहा है कि बस नदी में 5 से 6 फीट गहरे पानी में गिरी। लोगों को बाहर निकलने का वक्त ही नहीं मिला।
मुख्यमंत्री शिवराज और पूर्व CM कमलनाथ ने जताया दुख