कश्मीर घाटी में सोमवार रात से हो रही बारिश और अगले 36 घंटे के हाई अलर्ट को लेकर अमरनाथ यात्रा रोक दी गई है। फिलहाल यात्रियों के जत्थे बालटाल और पहलगाम में ही रोक दिए गए हैं। अब तक करीब 65 हजार श्रद्धालु पवित्र गुफा के दर्शन कर चुके हैं। मंगलवार को ही 6 हजार से ज्यादा यात्रियों का छठा जत्था जम्मू से रवाना हुआ है। 30 जून से शुरू हुई यात्रा 11 अगस्त तक जारी रहेगी।
उधर, सोमवार को ही अमरनाथ यात्रा से लौट रहे 50 साल के तीर्थयात्री को सेना के जवानों ने सुरक्षित निकाला। बरारीमार्ग के पास उनका घोड़ा असंतुलित होकर 100 फीट नीचे नदी की तरफ गिरा। गिरने से यात्री को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें इलाज के लिए श्रीनगर भेजा गया।
आज की अन्य प्रमुख खबरें...
हिमाचल के मंडी में एक घर में घुसा ट्रक, तीन की मौत, 1 घायल
हिमाचल प्रदेश के मंडी में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार से आ रही ट्रक अनियंत्रित होकर एक घर में घुस गया। घर में ट्रक की टक्कर से तीन लोगों की मौत हो गई, एक व्यक्ति घायल बताया जा रहा है। यह जानकारी जिले के एडिशनल एसपी आशीष शर्मा ने दी। आशीष शर्मा ने बताया कि घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी के मुताबिक मरने वालों की पहचान की जा रही है।
राहुल गांधी के खिलाफ फेक न्यूज मामले में एंकर रोहित रंजन घर पहुंची छत्तीसगढ़ पुलिस
छत्तीसगढ़ पुलिस जी न्यूज के एंकर रोहित रंजन को गिरफ्तार करने यूपी के गाजियाबाद पहुंची। रोहित गाजियाबाद के इंदिरापुरम में नियो स्कॉर्टिस सोसाइटी में रहते हैं। माना जा रहा है कि राहुल गांधी के बयान को तोड़-मरोड़कर दिखाने के सिलसिले में उनके खिलाफ FIR दर्ज हुई थी। इसी सिलसिले में छत्तीसगढ़ पुलिस यहां आई है। वारंट होने के बावजूद गाजियाबाद पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने से रोक रही है। इसलिए दोनों राज्यों की पुलिस आमने-सामने आ गई। पढ़ें पूरी खबर...
उपराष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया आज से शुरू
राष्ट्रपति चुनाव के साथ-साथ देश में उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर भी हलचल तेज हो गई है। अगस्त में होने वाली उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मंगलवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो रही है, जो 20 जुलाई तक चलेगी। 22 जुलाई तक नामांकन वापस लिए जाएंगे। उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव होना 6 अगस्त को होना है। उसी दिन नतीजे भी घोषित किए जाएंगे। मौजूदा उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू का कार्यकाल 10 अगस्त को समाप्त हो रहा है।
भारत ने अंडर-15 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में जीत दर्ज की
भारत ने सोमवार को अंडर-15 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया। बहरीन में हुई चैंपियनशिप में भारतीय पहलवानों ने 4 गोल्ड, 2 सिल्वर सहित 1 ब्रॉन्ज मेडल जीते। इससे पहले सोमवार को ही भारत की महिला अंडर-15 टीम यह खिताब अपने नाम किया था। महिला टीम ने 6 गोल्ड और 2 सिल्वर मेडल जीते थे।
अंडमान- निकोबार में भूकंप के झटके, 4.4 तीव्रता दर्ज की गई
अंडमान- निकोबार में मंगलवार तड़के 2 बजकर 54 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.4 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र पोर्ट ब्लेयर से 244 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व दिशा में जमीन से 30 किमी की गहराई पर था। भूकंप में किसी की हताहत होने की कोई जानकारी नहीं है।
उदयपुर हत्याकांड का वीडियो शेयर करने पर राजस्थान में 5 गिरफ्तार
राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में सोमवार को 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इन लोगों पर उदयपुर में हुए टेलर की हत्या का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करने का आरोप है। राजस्थान पुलिस ने लोगों को हत्या का वीडियो शेयर करने से मना किया था।
हनुमानगढ़ के SP ने बताया कि लोगों में भय का माहौल पैदा करने की नियत से वीडियो शेयर करने के आरोप में सिराजुद्दीन हुसैन, तरसेम पुरी, मोहम्मद शकूर, पवन कुमार और राजकुमार जाट को गिरफ्तार किया गया है।