दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में शुक्रवार सुबह आग लग गई। फायर ब्रिगेड ने बताया कि अस्पताल में एक इन्वर्टर में आग लगी थी, जिस पर काबू पा लिया गया है। आग की वजह से किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है।
इससे पहले आज सुबह गुरु अंगद नगर के पास एक अस्पताल में आग लगी थी। दमकल की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया गया।
अन्य बड़ी खबरें...
अंडमान-निकोबार में भूकंप के झटके, 4.3 तीव्रता दर्ज की गई
अंडमान-निकोबार में शुक्रवार सुबह 7 बजकर 50 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस हुए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.3 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र यहां के दिगिलिपुर से 55 किमी दक्षिण-पूर्व में था। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली है।
वहीं, दक्षिण एशियाई देश तिमोर मे सुबह करीब 8 बजे 6.2 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए।
उत्तर कोरिया को मिला चीन-रूस का साथ, UN के नए प्रतिबंधों पर वीटो
उत्तर कोरिया पर संयुक्त राष्ट्र संघ (UN) के लगाए प्रतिबंधों पर चीन और रूस ने वीटो लगा दिया है। लगातार बैलिस्टिक मिसाइल के परीक्षण के बाद UN ने नए प्रतिबंध लगाने का ऐलान किया था, लेकिन वीटो लगने के बाद अब यह टल गया है। UN में चीन के प्रतिनिधि ने कहा- उत्तर कोरिया पर अतिरिक्त प्रतिबंध लगाने की जरूरत नहीं है।
गीतांजलि श्री के उपन्यास टॉम्ब ऑफ सैंड को बुकर, खिताब जीतने वाली हिंदी की पहली किताब
लेखिका गीतंजली श्री के उपन्यास ‘टॉम्ब ऑफ सैंड’ को अंतराष्ट्रीय बुकर पुरस्कार मिला। खिताब जीतने वाली हिंदी भाषा की पहली किताब है। बता दें गीतांजलि श्री का उपन्यास हिंदी में ‘रेत समाधि’ नाम से छपा था जिसका डेजी रॉकवेल ने इंग्लिश में अनुवाद करके नाम ‘टॉम्ब ऑफ सैंड’ रखा था। ये दुनिया की उन 13 पुस्तकों में शामिल थी, जिसे अंतरराष्ट्रीय बुकर पुरस्कार की लिस्ट में शामिल किया गया था।
रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी होंगे सपा के संयुक्त प्रत्याशी, आज दाखिल करेंगे पर्चा
राष्ट्रीय लोक दल के अध्यक्ष जयंत चौधरी 27 अप्रैल को सपा के संयुक्त राज्यसभा प्रत्याशी का पर्चा दाखिल करेंगे। यह जानकारी RLD के राष्ट्रीय संयोजक अनुपम मिश्रा ने दी। अभी तक कहा जा रहा था कि जयंत चौधरी को उम्मीदवार नहीं बनाया जाएगा, लेकिन अब सब साफ हो गया है। जयंत चौधरी रालोद के राज्यसभा सदस्य के तौर पर रहेंगे।
जम्मू-कश्मीर के अवंतीपोरा में एनकाउंटर, TV एक्ट्रेस की हत्या में शामिल रहे आतंकी ढेर
जम्मू-कश्मीर के अवंतीपोरा में गुरुवार रात आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच अगनहांजीपोरा इलाके में मुठभेड़ हुई। IG पुलिस विजय कुमार ने बताया कि टीवी कलाकार अमरीन भट की हत्या करने वाले दोनों आतंकियों को इस मुठभेड़ में मार गिराया गया है।