उत्तर प्रदेश में सोमवार से विधान भवन का बजट सत्र शुरू हुआ है। सुबह 11 बजे के बाद राज्यपाल आनंदीबेन पटेल अभिभाषण दे रही थीं, इसी बीच अचानक आंधी आई और कुछ सेकंड के लिए बिजली गुल हो गई। अफरा-तफरी मचने से पहले बिजली चालू हो गई। इस दौरान अभिभाषण जारी रहा। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने इसे बिजली विभाग की बड़ी चूक करार दिया है। उन्होंने अधिशासी अभियंता ट्रांसमिशन यानी Ex.En. सहित 3 अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया। वहीं, सब स्टेशन ऑपरेटर को बर्खास्त कर दिया है।
सस्पेंड होने वाले अधिकारियों में अधिशासी अभियंता ट्रांसमिशन संजय पासवान, उपखंड अधिकारी पुष्पेश गिरी और अवर अभियंता अमर राज शामिल हैं। वहीं, उप केंद्र परिचालक दीपक शर्मा की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं।
ऊर्जा मंत्री एके शर्मा देर शाम शक्ति भवन मुख्यालय पहुंचे
ऊर्जा मंत्री एके शर्मा सोमवार की देर शाम शक्ति भवन मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने प्रमुख सचिव ऊर्जा और उप्र पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष एम.देवराज और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सदन में बिजली गुल होने के कारणों के बारे में जानकारी ली। इसी के बाद एक्शन लिया गया है।
राज्यपाल का अभिभाषण सुनते भाजपा के विधायक। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी सदन में थे।
राज्यपाल के अभिभाषण की बड़ी बातें -
- वर्ष 2016 के सापेक्ष 2021 में डकैती के मामलों में 73.94%, लूट में 65.88%, हत्या में 33.95% और रेप में 50.66% की कमी आई।
- सरकार की ओर से लगभग 98.88 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
- 594 किमी लंबी 6 लेन गंगा एक्सप्रेस-वे परियोजना का काम शुरू हो चुका है।
- मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत अब तक 94 हजार कन्याओं का विवाह संपन्न कराया गया है।
- आगामी 5 सालों में 2 करोड़ स्मार्ट फोन/टैबलेट वितरित किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
- उत्तर प्रदेश शीघ्र ही पांच इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाला देश का एक मात्र राज्य बन जाएगा।
- वर्तमान में 186 भू-माफिया जेल में हैं। 4,274 लोगों के खिलाफ अतिक्रमण के मामले में कार्रवाई की गई।
- PM ग्रामीण सड़क योजना से पांच सालों में 3 हजार किमी. से ज्यादा सड़क बनाई गई।
- शहीद हुए परिवार को आर्थिक सहायता के लिए 25 लाख से बढ़ाकर 50 लाख कर दिया गया।
- राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान कुछ सेकंड के लिए सदन में बिजली गुल हो गई।
यह फोटो उस वक्त की है, जब राज्यपाल का अभिभाषण चल रहा था। सपा विधायक हंगामा कर रहे थे।
योगी बोले- प्रभावी बहस के साथ बजट पास हो
मंगलवार को बजट सत्र का दूसरा दिन है। राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होगी। फिलहाल पहले दिन सदन की कार्यवाही हंगामे की भेंट चढ़ गई। सपा विधायक अभिभाषण के बीच वेल तक पहुंच गए थे और राज्यपाल वापस जाओ के नारे लगा रहे थे। बजट सत्र शुरू होने से पहले योगी ने कहा, "गंभीर और प्रभावी बहस के साथ बजट पास हो। यह 2022-23 का बजट रहेगा। 25 करोड़ लोगों के विकास के लिए, गरीबों के कल्याण और समाज के हर वर्ग का बजट में ध्यान रहेगा।"