अंडर-19 वर्ल्ड कप में चंडीगढ़ के आल रांउडर राज अंगद बावा का शानदार प्रदर्शन देखते हुए पंजाब किंग्स ने IPL ऑक्शन में उन्हें 2 करोड़ में खरीदा था। हालांकि, अभी तक पंजाब ने बावा को सिर्फ शुरुआती 2 मैचों में ही मौका दिया है। बावा का बेस प्राइस 20 लाख रुपए था। मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच बावा को लेकर बोली बढ़ती गई थी। मुंबई इंडियंस ने 1.90 करोड़ की बोली लगाई थी। इसके जवाब में पंजाब ने 2 करोड़ बोली लगा बावा को अपनी टीम में शामिल कर लिया था।
दो मैचों में यह प्रदर्शन रहा है बावा का
27 मार्च को पंजाब ने अपना पहला मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से 5 विकेट से जीत लिया था। इसमें राज अंगद बावा 0 पर LBW हो गए थे। इसके बाद 1 अप्रैल को पंजाब किंग्स इलेवन कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ भिड़ी थी। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे राज अंगद बावा को 11 रनों पर नारायण ने बोल्ड कर दिया था। कोलकाता की टीम ने 33 गेंदे रहते 6 विकेट से यह मैच जीत लिया था। पंजाब की टीम 137 रन ही बना पाई थी।
अब पंजाब के 2 मैच शेष बचे हैं। IPL में इसकी रेटिंग काफी खराब है। कुल दस टीमों में यह सातवें नंबर पर है। पंजाब की टीम का प्रदर्शन इस सीजन में औसत ही रहा है। कुल 12 मैचों में से यह 6 ही जीत पाई है। इस सीजन की अभी तक सबसे सफल टीम गुजरात टाइटंस रही है, जो 13 में से 10 मैच जीत चुकी है। सबसे खराब प्रदर्शन मुंबई इंडियंस का रहा है जो कुल 12 मैचों में से 3 ही जीत पाई है।
राज अंगद बावा अंडर-19 वर्ल्ड कप के दौरान शॉट लगाते हुए। (फाइल फोटो)
रणजी में बावा का प्रदर्शन
इससे पहले चंडीगढ़ की टीम रणजी टूर्नामेंट में भी कुछ कमाल नहीं दिखा पाई थी और टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी। राज अंगद बावा इसी साल चंडीगढ़ रणजी टीम के लिए चुने गए थे। हैदराबाद के साथ 17 से 20 फरवरी, 2022 को हुए मैच में बावा ने पहली पारी में 120 गेंदों में 44 रन बनाए थे। वहीं 16 ओवर्स में 2 विकेट भी लिए थे। वहीं दूसरी पारी में 9 ओवर्स में वह कोई विकेट नहीं ले पाए थे। बैटिंग करते हुए वह 35 रनों पर नॉट आउट रहे थे। हैदराबाद ने यह मैच 217 रनों से जीत लिया था। इसके बाद 24 से 27 फरवरी को बड़ोदा से हुआ मैच ड्रा रहा था। राज अंगद ने पहली पारी में 80 गेंदों पर 32 रन बनाए थे और 19 ओवर्स में 1 विकेट लिया था। दूसरी पारी में उन्होंने 41 रन बनाए थे।
वर्ल्ड कप में छा गए थे बावा
राज अंगद बावा बांय हाथ के बल्लेबाज हैं और दाएं हाथ से मध्यम गति से गेंदबाजी करते हैं। अंडर 19 वर्ल्ड कप में भारत को कप दिलवाने में उनकी बड़ी भूमिका थी। युगांडा के खिलाफ 162 रनों की नाबाद पारी से उन्होंने शिखर धवन का एक पुराना रिकार्ड भी तोड़ा था। उन्हें फाइनल मैच में प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया था। राज अंगद बावा के पिता स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) के सीनियर कोच हैं। वह सेक्टर 16 क्रिकेट स्टेडियम में कोचिंग देते हैं। बावा भी यहीं से खेल कर आगे निकले हैं।
पंजाब ने इन खिलाड़ियों को महंगे दाम पर खरीदा था
पंजाब की टीम ने बल्लेबाज मयंक अग्रवाल को सबसे ज्यादा 12 करोड़ में खरीदा था। ऑल रांउडर लियाम लिविंगस्टन को 11.50 करोड़ में खरीदा गया था। वहीं बल्लेबाज शाहरुख खान को 9 करोड़, शिखर धवन को 8.25 करोड़ में, विकेट कीपर एवं बल्लेबाज जॉनी बेयरस्ट्रा को 6.75 करोड़, गेंदबाज कगिसो रबाडा को 9.25 करोड़, ओडियन स्मिथ को 6 करोड़, राहुल चाहर को 5.25 करोड़ तथा अर्शदीप सिंह को 4 करोड़ रुपए में खरीदा था। कुल 25 खिलाड़ियों में बाकी बचे खिलाड़ियों को इनसे कम दाम में खरीदा गया था। आधा दर्जन ऐसे खिलाड़ी थे जिन्हें बेस प्राइस (20 लाख) रुपए में ही खरीदा गया था।