अजमेर में शुक्रवार रात नौसर घाटी पर एक शादी में हुई बातचीत को लेकर दो गुटो में विवाद हो गया, जो कुछ ही देर में झगड़े में तब्दील हो गया। दोनों गुटों के बीच पथराव भी हुआ। इस दौरान एक राहगीर व सूचना पर पहुंचे क्रिश्चियन गंज थाने का सिपाही जख्मी हो गए।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात 8 बजे के करीब नौसर गांव ईदगाह में रहने वाले कुछ युवक पुष्कर रोड स्थित प्राइवेट बस स्टैंड के वहां पहुंचे और शादी में हुए विवाद को निपटाने के लिए जुटे। इस दौरान आपसी बातचीत में दोनों गुटों में तनाव बढ़ा और एक दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। मामले की सूचना पर क्रिश्चियन गंज थाने का जाब्ता घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस की ओर से मौके पर युवकों को खदेड़ा गया। हालांकि पथराव के दौरान वहां से निकल रहा राहगीर धर्म सिंह उर्फ शानू जख्मी हो गया। साथ ही पथराव कर रहे युवकों को खदेड़ने के दौरान क्रिश्चियन गंज थाने का कॉन्स्टेबल राजूराम भी जख्मी हुआ। दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया।
हादसे में घायल हुआ राहगीर
शादी में हुआ था विवाद
एडिशनल एसपी प्रियंका रघुवंशी ने बताया कि 2 दिन पहले नौसर ईदगाह से दो युवकों की बारात ब्यावर गई। बारात में गए युवकों में विवाद हो गया। विवाद को निपटाने के लिए दोनों पक्षों के युवक शुक्रवार रात 8 बजे नौसर घाटी में जुट गए। जहां बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और पथराव के साथ मारपीट शुरू हो गई।
घटनास्थल पर पुलिस का जाब्ता रहा तैनात
हिरासत में लिया
शुक्रवार देर रात दो गुटों में हुए विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस ने वहां मौजूद युवकों को खदेड़ा और फिर उपद्रव मचा रहे युवकों की धरपकड़ शुरू की। पुलिस की ओर से देर रात कई उपद्रवियों को भी हिरासत में लिया गया है। हालांकि इस मामले में पुलिस के अधिकारी बोलने से इंकार कर रहे हैं।
सूचना पर पहुंची एडीएम सिटी व कई अधिकारी
विवाद की सूचना पर पहुंचे अधिकारी
देर रात हुए विवाद की सूचना पर एडिशनल एसपी प्रियंका रघुवंशी, प्रशिक्षु आईपीएस सुजीत शंकर, एडीएम सिटी भावना गर्ग, सीओ छवी शर्मा, क्रिश्चियन गंज थाना अधिकारी रवीश सांमरिया, गंज थाना अधिकारी धर्मवीर सिंह, पुष्कर थानाधिकारी महावीर शर्मा के साथ तीन थानों का जाब्ता और पुलिस लाइन का भी जाब्ता मौके पर पहुंचा। पुलिस की ओर से घटनास्थल पर जाब्ता भी तैनात किया गया। जिससे कि किसी तरह का माहौल ना बिगड़े।
हिरासत में लेते पुलिस