जहांगीरपुरी हनुमान जयंती दंगों के मुख्य आरोपी अंसार और असलम को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी की आज दिल्ली के रोहिणी कोर्ट में पेशी होनी है, लेकिन पेशी से पहले आरोपी अंसार ने अपनी बेशर्मी दिखा दी। जब इन आरोपियों को रोहिणी कोर्ट में पेशी के लिए पुलिस ले जा रही थी, तब आरोपी ने बड़ी बेशर्मी से पुष्पा का सिग्नेचर स्टेप किया। कोर्ट के गेट के बाहर खड़ी मीडिया को देखकर अंसार ने तेलगू मूवी पुष्पा का फेमस दाढ़ी में हाथ फेरने वाला एक्शन दिखाया।
आरोपी के इस एक्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिस उसे कोर्ट में पेशी के लिए ले जा रही है, लेकिन आरोपी लगातार मुस्कुरा रहा है। उस पर पुलिस कार्रवाई का कोई डर नहीं दिख रहा। पुष्पा के एक्शन से कहीं न कहीं वह बताने की कोशिश कर रहा है कि उसे किसी का डर नहीं और न ही वो किसी के आगे झुकेगा।
पहले भी कई अपराधों में शामिल रहा आरोपी
जहांगीरपुरी हिंसा में जिस मुख्य आरोपी अंसार को गिरफ्तार किया गया है, वह पहले भी कई तरह के अपराधों में शामिल रहा है। दिल्ली पुलिस ने इस बात की पुष्टि की है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, अंसार इसके पहले असोल्ट के दो मामलों में आरोपी रहा है। इसके अलावा उसे 5 बार गैंबलिंग और आर्म्स एक्ट में बुक किया गया है। स्पेशल कमिश्नर ऑफ पुलिस लॉ-एंड-ऑर्डर दीपेंद्र पाठक ने बताया है कि अंसार जिसका नाम FIR में दर्ज है उसे गिरफ्तार किया गया है।
दिल्ली हिंसा के आरोपी अंसार पुष्पा स्टाइल में रोहिणी कोर्ट पहुंचा।
अब तक 21 आरोपी गिरफ्तार
शनिवार को दिल्ली के जहांगीरपुरी में हुई हिंसा मामले में अब तक 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। हिंसा में 8 पुलिसकर्मियों और एक नागरिक सहित 9 लोग घायल हुए हैं। अब तक इस हिंसा से जुड़े करीब 100 वीडियो सामने आ चुके हैं। इनके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान कर रही है। दिल्ली पुलिस के सब इंस्पेक्टर मेदालाल मीणा हिंसा के दौरान वहां सुरक्षा में तैनात थे। उनके हाथ में गोली लगी है। उन्होंने बताया कि पुलिस दोनों पक्षों को अलग कर रही थी, लेकिन देखते ही देखते दोनों पक्षों में पथराव शुरू हो गया।
तनाव को देखते हुए इलाके में पुलिस तैनात की गई है।
दिल्ली पुलिस का दावा- उपद्रवियों ने राशन का ट्रक लूटा
पुलिस का दावा है कि उपद्रवियों ने न केवल पत्थरबाजी की बल्कि गाड़ियों में आगजनी करते हुए सरकारी राशन की गाड़ी को भी लूटा। शुरुआती जांच के मुताबिक पत्थरबाजी की शुरुआत मस्जिद की छत से हुई थी। पथराव और फायरिंग से हिंसा भड़काने की कोशिश की गई। पुलिस ने बताया कि अब तक 14 गिरफ्तार आरोपियों के अलावा लगभग 30 लोगों को शक के आधार पर हिरासत में लिया गया है। दिल्ली पुलिस पथराव के वीडियो फुटेज के आधार पर घटना के जिम्मेदार आरोपियों को चिह्नित कर रही है।
मामूली बहस से शुरू हुई हिंसा
जहांगीरपुरी में हनुमान जन्मोत्सव के जुलूस में हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने FIR दर्ज की है। जामा मस्जिद के पास हुई मामूली बहस ने हिंसा का रूप ले लिया था। देखते ही देखते पथराव शुरू हो गया और शोभायात्रा में भगदड़ मच गई।
मौके पर दिल्ली पुलिस की कईं जांच टीम तैनात कर दी गई हैं।
पुलिस की 10 टीमें कर रहीं जांच
पुलिस ने आरोपियों को चिह्नित करने के लिए 10 टीमें बनाई हैं। पूरी जांच क्राइम ब्रांच के जिम्मे है। उपद्रवियों की तलाश में पुलिस चिह्नित घरों पर छापामारी भी कर रही है। दिल्ली पुलिस के स्पेशल कमिश्नर दीपेंद्र पाठक ने कहा कि जांच चल रही है, जो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, जहांगीरपुरी इलाके में RAF और पुलिस के जवान लगातार परेड कर रहे हैं।
वीडियो में गोली चलाने वाले के पीछे यही नीले शटर वाली बिल्डिंग दिखाई दे रही है।
आसपास सुरक्षा कड़ी की गई
जहांगीरपुरी से सटे इलाकों में भी फोर्स बढ़ा दी गई है। यहां JNU पर भी पुलिस का पहरा है। वहीं UP के CM योगी आदित्यनाथ ने नोएडा और गाजियाबाद में हालात पर नजर रखने का पुलिस और प्रशासन को निर्देश दिया है। वहीं पुलिस ने उन इलाकों में फ्लैग मार्च भी किया है।
दिल्ली हिंसा से जुड़ी अन्य खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...
जहांगीरपुरी का उपद्रव
भास्कर को मिले फायरिंग के सबूत
दिल्ली हिंसा LIVE